नीमच। नीमच के रोटरी हॉल में इनरव्हील क्लब एवं गीतांजलि हॉस्पिटल, उदयपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित निशुल्क विशाल चिकित्सा परामर्श शिविर ने मानव सेवा की एक मिसाल प्रस्तुत की। नीमच में पहली बार किसी महिला संगठन द्वारा इतने व्यापक स्तर पर आयोजित इस शिविर में करीब 250 जरूरतमंद मरीजों ने विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं का लाभ उठाया।
इनरव्हील क्लब द्वारा आयोजित इस शिविर में न्यूरो सर्जन, हृदय रोग विशेषज्ञ, शिशु रोग विशेषज्ञ, मस्तिष्क एवं स्पाइन रोग विशेषज्ञ, त्वचा रोग, स्त्री रोग तथा नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञों की अनुभवी टीम ने मरीजों की जांच कर उन्हें उचित परामर्श दिया। शिविर में ब्लड प्रेशर, शुगर सहित अन्य आवश्यक जांचें पूर्णतः निशुल्क की गईं।
गंभीर रोगियों को मिलेगा निशुल्क उपचार
शिविर के दौरान गंभीर बीमारियों से ग्रस्त जरूरतमंद मरीजों को आगे के उपचार हेतु रेफर किया गया। ऐसे मरीजों को गीतांजलि हॉस्पिटल उदयपुर में निशुल्क ऑपरेशन एवं उपचार की सुविधा प्रदान की जाएगी।
स्वास्थ्य जागरूकता ही शिविर का उद्देश्य
इस अवसर पर इनरव्हील क्लब की अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा ने कहा कि “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है और स्वस्थ मस्तिष्क से ही सशक्त समाज का निर्माण संभव है। इस शिविर का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है।”
नर्सिंग स्टाफ का रहा विशेष सहयोग
शिविर के सफल संचालन में ज्ञानोदय हॉस्पिटल के नर्सिंग स्टाफ का सराहनीय सहयोग रहा। कार्यक्रम की शुरुआत इनरव्हील प्रार्थना से हुई, जिसका वाचन प्रेरणा शर्मा ने किया, जबकि मंच संचालन सरोज गांधी ने किया। शिविर में इनरव्हील क्लब की सदस्याएं अलका चड्ढा, सिम्मी सलूजा, रज़िया अहमद, तृप्ति दुआ, हेमांगिनी त्रिवेदी, सरिता पाटीदार, निर्मला मित्तल सहित अनेक सदस्याएं उपस्थित रहीं।