शाजापुर। हरदा जिले में 21 दिसंबर को प्रस्तावित जन क्रांति न्याय आंदोलन में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से करणी सेना परिवार द्वारा नगर में आमंत्रण यात्रा निकाली गई। यह यात्रा 17 दिसंबर को आयोजित की गई, जिसमें नगर एवं शहरी क्षेत्र के नागरिकों को हरदा पहुँचने का निमंत्रण दिया गया।
करणी सेना परिवार के जिला मीडिया प्रभारी रोहित सिंह राजपूत ने बताया कि आमंत्रण यात्रा का शुभारंभ मां राज राजेश्वरी मंदिर से हुआ। यात्रा बस स्टैंड, नई सड़क, छोटा चौक, बड़ा चौक, सोमवारिया और मगरिया मार्ग से होते हुए पुनः मां राज राजेश्वरी मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।
इस अवसर पर करणी सेना परिवार के प्रदेश संगठन मंत्री अजीत सिंह खड़ी डोडिया ने सर्व समाज एवं करणी सैनिकों से 21 दिसंबर को हरदा पहुंचकर आंदोलन में शामिल होने की अपील की। उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि शाजापुर जिले से लगभग 20 से 50 हजार करणी सैनिक एवं सर्व समाज के लोग हरदा के लिए रवाना होंगे।
आमंत्रण यात्रा में करणी सेना के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। प्रमुख रूप से शाजापुर जिला अध्यक्ष सोनू बना सापखेड़ा, जिला संयोजक भीम सिंह बना डूंगरगांव सहित सैकड़ों करणी सैनिकों की उपस्थिति रही।