मनासा। सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत शनिवार को मनासा में खेलकूद प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा युवाओं में खेल और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम के तहत क्रिकेट, कबड्डी, हॉकी, खो-खो, फुटबॉल, रस्साकशी, कुर्सी दौड़, नींबू रेस, एथलेटिक्स, सितोलिया, रुमाल झपट्टा सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के साथ नृत्य एवं निबंध प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।
आयोजन से पूर्व रामपुरा नाका से भव्य रैली निकाली गई, जिसका शुभारंभ सांसद सुधीर गुप्ता एवं क्षेत्रीय विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने किया। रैली में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे शामिल हुए। नगर भ्रमण के बाद रैली उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान पहुंची, जहां प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर सांसद सुधीर गुप्ता, प्रदेश कार्य समिति सदस्य महेंद्र भटनागर, जिला उपाध्यक्ष आशीष सारडा, जिला महामंत्री अश्विन सोनी, नरेंद्र मालवीय, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सीमा अजय तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे। आयोजन के समापन पर विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए गए।