चित्तौड़गढ़। टीकमगढ़ में 22 से 27 दिसंबर 2025 तक ढोंगा ग्राउंड एवं अमर शहीद नारायण दास खरे (गंजिखाना) हॉकी ग्राउंड पर आयोजित 69वीं राष्ट्रीय शालेय अंडर-14 बालक हॉकी प्रतियोगिता में सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ की टीम ने प्रभावशाली सहभागिता दर्ज कराई है।
इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देशभर से आए होनहार खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना से दर्शकों को प्रभावित किया। सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ की अंडर-14 बालक हॉकी टीम भी इस प्रतियोगिता में सशक्त प्रदर्शन कर रही है।
विद्यालय के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया, उप-प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल पारुल श्रीवास्तव एवं प्रशासनिक अधिकारी मेजर सी. श्रीकुमार के कुशल मार्गदर्शन में टीम का चयन किया गया, जिसमें विद्यालय के सात प्रतिभाशाली कैडेट्स राष्ट्रीय स्तर पर स्कूल का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
प्रतियोगिता के दौरान सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट उत्साह, अनुशासन, सामूहिक समन्वय एवं उच्च स्तरीय खेल भावना का परिचय देते हुए सराहनीय प्रदर्शन किया। उनकी मेहनत, आत्मविश्वास एवं अनुशासित खेल शैली ने विद्यालय की गौरवशाली खेल परंपरा को और सुदृढ़ किया है।
विद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने बताया कि प्रतियोगिता में देश के 32 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों की कुल 32 टीमें भाग ले रही हैं। यह आयोजन उभरती खेल प्रतिभाओं के लिए एक प्रेरणादायी मंच प्रदान कर रहा है, जिससे खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव के साथ भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु आत्मविश्वास प्राप्त हो रहा है।
विद्यालय के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया ने टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं तथा आगामी मुकाबलों में और बेहतर प्रदर्शन की कामना की।