मनासा। भाटखेड़ी बुजुर्ग में 25वीं अखिल भारतीय कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। जागृति क्लब भाटखेड़ी बुजुर्ग के तत्वावधान में आयोजित 25वीं अखिल भारतीय कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ 25 दिसंबर 2025 को प्रातः 11 बजे गरिमामय वातावरण में किया गया।
प्रतियोगिता के शुभारंभ से पूर्व प्रातः 9 बजे नगर में एक विशाल मशाल रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्राम की महिलाओं एवं खेल प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली ने पूरे गांव में खेल भावना और ऊर्जा का संचार किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष भाजपा पिछड़ा मोर्चा पवन पाटीदार रहे। अध्यक्षता विधायक मनासा विधानसभा क्षेत्र अनिरुद्ध माधव मारू ने की। विशिष्ट अतिथियों में जिला पंचायत सदस्य श्याम वसीटा, जनपद सदस्य सुनील शर्मा, ग्राम पंचायत भाटखेड़ी के सरपंच मनोज पुरोहित, पाटीदार समाज नीमच के पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम पाटीदार, सियाराम फाइनेंस के संजय नायक एवं शाखा प्रबंधक राहुल बंजारिया, बजरंग दल के पूर्व विद्यार्थी प्रमुख प्रेम कुशवाह, ग्राम पंचायत अल्हेड़ के सरपंच आनंद श्रीवास्तव, रावतपुरा के सरपंच सुरेश रावत, बर्डिया जागीर के सरपंच रघुवीर शर्मा, जागृति क्लब के अध्यक्ष रमेश जोशी, कैलाश कारपेंटर तथा बजरंग दल जिला संयोजक दुर्गेश धनगर सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
शुभारंभ अवसर पर स्वागत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम शारदा विद्या निकेतन विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए गए, जिसे उपस्थित जनसमूह ने सराहा।
इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से टीमें भाग ले रही हैं। आयोजन में लगभग 400 खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं अधिकारी सम्मिलित होंगे। प्रतियोगिता को लेकर भाटखेड़ी बुजुर्ग सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष उत्साह और खेलमय वातावरण देखने को मिल रहा है।