नीमच। मध्यप्रदेश जूडो एसोसिएशन (सम्बद्ध जूडो फेडरेशन ऑफ इंडिया एवं म.प्र. ओलंपिक एसोसिएशन) द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय जूनियर एवं सीनियर जूडो प्रतियोगिता 2025-26 का आयोजन 26 से 28 दिसंबर 2025 तक नेहरू स्टेडियम, इंदौर में किया गया।
इस प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी मान्यता प्राप्त एवं चयनित जिला दलों के लगभग 250 खिलाड़ियों ने सहभागिता की। नीमच जिला जूडो एसोसिएशन के सचिव एवं मध्यप्रदेश जूडो एसोसिएशन के सह-सचिव भरत सिंह कुमावत ने जानकारी देते हुए बताया कि नीमच जिले की चयनित 6 सदस्यीय टीम ने मुख्य प्रशिक्षक भरत सिंह कुमावत के मार्गदर्शन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 3 रजत एवं 1 कांस्य पदक अपने नाम किए।
पदक विजेता खिलाड़ी
बालिका जूनियर एवं सीनियर वर्ग में कु. भावना सोलंकी पिता नारायणलाल ने 63 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार मुकाबले खेलते हुए दोनों वर्गों में रजत पदक जीते।
बालिका सीनियर वर्ग में कु. खूबी देपन पिता श्रवण ने 52 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक प्राप्त किया।
वहीं कु. ईशा रावल पिता भगवती रावल ने 63 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया।
इसके अतिरिक्त 44 किलोग्राम भार वर्ग में कु. रानू जोशी पिता सुरेंद्र एवं कु. मनीषा पिता भागीरथ ने भी उत्कृष्ट फाइट का प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने भार वर्ग में क्वार्टर फाइनल तक मुकाबले जीतकर सराहनीय प्रदर्शन किया, हालांकि वे पदक से चूक गईं।
सभी विजेता खिलाड़ियों को मध्यप्रदेश जूडो एसोसिएशन के सचिव नरेश टटवाडे, उपाध्यक्ष एवं टेक्निकल चेयरमैन कुरूष दिनशा, कोषाध्यक्ष आबिद खान एवं सह-सचिव भरत सिंह कुमावत द्वारा पदक पहनाकर सम्मानित किया गया। नीमच जिले के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन से खेल जगत में हर्ष और गौरव का वातावरण बना हुआ है।