नीमच। जिले के चल्दू गांव में मामूली टक्कर को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। बस स्टैंड स्थित एक सैलून की दुकान पर 22 वर्षीय युवक पर हथियारों और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया गया, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बस स्टैंड पर दो युवकों के बीच हुई सामान्य आपसी टक्कर को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी विवाद के बाद आरोपियों ने नवल किशोर की शेविंग दुकान के पास युवक भारत सेन (22) पिता हरिप्रसाद सेन निवासी चल्दू पर हमला कर दिया। हमले में आरोपी रणजीत सिंह, भोपाल सिंह, कुशाल सिंह सहित उनके साथियों ने लाठी-डंडों और हथियारों का इस्तेमाल किया।
हमले में भारत सेन की आंख और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। परिजन तत्काल उसे जिला चिकित्सालय नीमच लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार युवक की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
पीड़ित पक्ष ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।