मंदसौर। मंदसौर शहर के अभिनंदन क्षेत्र में दुकान और पैसों के विवाद से परेशान एक युवक ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। घायल युवक की पहचान इनायत कादरी निवासी नयापुरा के रूप में हुई है। हालत गंभीर होने पर उसे जिला चिकित्सालय से एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया है।

परिजनों के अनुसार इनायत कादरी ने करीब पांच माह पूर्व जाहिद नामक व्यक्ति से सात लाख रुपए ब्याज पर उधार लिए थे। उधार के एवज में इनायत ने अपनी दुकान को जमानत के रूप में गिरवी रखा था। परिजनों का आरोप है कि बाद में जाहिद ने धोखाधड़ी करते हुए जबरन दुकान की रजिस्ट्री अपने नाम करवा ली। इनायत का कहना है कि वह अब तक लाखों रुपए ब्याज के रूप में चुका चुका है।

दुकान खाली करवाने से आहत हुआ युवक-
परिजनों ने बताया कि शुक्रवार दोपहर इनायत की अनुपस्थिति में दुकान को खाली करवा कर उस पर कब्जा कर लिया गया। उस समय इनायत अपनी पत्नी के साथ उज्जैन गया हुआ था। शाम को मंदसौर लौटने पर जब उसे दुकान पर कब्जे की जानकारी मिली, तो वह मानसिक रूप से आहत हो गया और उसने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया।

परिवार ने की सख्त कार्रवाई की मांग-
घटना के बाद परिजन उसे तत्काल जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे निजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया। पीड़ित के पिता भोला कादरी सहित परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने शुरू की जांच-
कोतवाली पुलिस के अनुसार, तहसीलदार के समक्ष पीड़ित के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामला संज्ञान में है और जांच के उपरांत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
