मनासा। जिले के मनासा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पिपलोंन में शनिवार देर शाम अज्ञात बदमाशों ने दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। दो नकाबपोश बदमाश एक घर में घुसकर 50 हजार रुपये नकद लूट ले गए। घटना के दौरान एक 40 वर्षीय व्यक्ति के साथ मारपीट कर उसका पैर तोड़ दिया गया। ग्रामीणों की तत्परता से घायल की जान बच सकी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार देर शाम ग्राम पिपलोंन निवासी 20 वर्षीय युवक अक्षय धनगर घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल से आए दो संदिग्ध नकाबपोश बदमाशों ने उसे डरा-धमकाकर घर की चाबी छीन ली और घर के भीतर रखे 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
पीड़ित जगदीश पिता भागीरथ धनगर (उम्र 40 वर्ष) ने बताया कि घटना के बाद अक्षय ने अपने चाचा श्यामलाल धनगर को फोन कर पूरी जानकारी दी। उस समय श्यामलाल धनगर खेत पर दवाई का छिड़काव कर रहे थे। सूचना मिलते ही वे बदमाशों का पीछा करते हुए हाड़ी पिपलिया तक पहुंचे, जहां बदमाश एक डेरा क्षेत्र में घुस गए।
डेरा क्षेत्र में मौजूद लोगों ने श्यामलाल धनगर पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने पत्थरों से उनके पैर और कमर पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसी दौरान ग्रामीण और परिजन भी मौके पर पहुंच गए और घायल की जान बचाई।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और मनासा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल श्यामलाल धनगर को उपचार के लिए मनासा शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार कर भर्ती किया गया।
पुलिस ने घायल के बयान दर्ज कर अज्ञात बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। क्षेत्र में घटना के बाद दहशत का माहौल बना हुआ है।