सरवानिया महाराज। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर नगर परिषद सरवानिया महाराज में पेयजल से जुड़ी समस्याओं की रोकथाम के लिए जल स्रोतों, जल उपचार संयंत्रों एवं पाइपलाइन के संचालन व संधारण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
जिला शहरी विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी पराग जैन ने बताया कि कलेक्टर द्वारा जिले की सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जल जनित बीमारियों को रोकने के लिए जल स्रोतों की नियमित सफाई, डब्ल्यूटीपी (जल उपचार संयंत्र) के फिल्टर बेड का संधारण तथा उच्च स्तरीय जल टंकियों की समय-समय पर सफाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रत्येक टंकी पर सफाई की तिथि अंकित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा पानी के नमूने जांच हेतु भेजे गए हैं। वहीं नगर परिषद क्षेत्र में पेयजल वितरण नलिकाओं में पाए गए लीकेज को दुरुस्त करने का कार्य भी युद्धस्तर पर किया जा रहा है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी राकेश चौहान ने बताया कि नगर में सभी पेयजल स्रोतों एवं जल टंकियों की नियमित सफाई कराई जाएगी। जल प्रदाय योजना प्रभारी भंवर सिंह राणावत ने बताया कि जल टंकियों की सफाई एवं जल शुद्धिकरण का कार्य प्रति सप्ताह किया जाएगा तथा जहां-जहां पाइपलाइन लीकेज की समस्या है, वहां तत्काल सुधार किया जा रहा है।
नगर परिषद अध्यक्ष रूपेंद्र सिंह जैन ने जल प्रदाय अमले को निर्देश दिए हैं कि सभी वार्डों में भ्रमण कर लीकेज की पहचान करें और उन्हें तुरंत दुरुस्त करें, ताकि नागरिकों को शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।