चित्तौड़गढ़। भदेसर थाना क्षेत्र के कन्नौज गांव में 27 दिसंबर को युवक के साथ हुई गंभीर मारपीट के बाद उपचार के दौरान हुई मृत्यु के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि कन्नौज निवासी दुर्गेश रेगर (पुत्र रतनलाल रेगर) के साथ हुई गंभीर मारपीट के चलते गुरुवार को उसकी मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद भदेसर थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को आरोपी शकील उर्फ अन्ना (30 वर्ष), पुत्र सद्दीक, निवासी नई आबादी कन्नौज, थाना भदेसर को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस द्वारा आरोपी से घटना को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है।