गरोठ। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 के अंतर्गत नगर परिषद अध्यक्ष राजेश सेठिया एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी गिरिश शर्मा के निर्देशानुसार नगर के व्यावसायिक क्षेत्रों में सिंगल यूज़ प्लास्टिक एवं डिस्पोजल प्रतिबंध अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत नए बस स्टैंड एवं सब्जी मंडी क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। इस दौरान नए बस स्टैंड क्षेत्र में 15 चाय दुकानों पर प्रतिबंधित डिस्पोजल सामग्री का उपयोग पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। वहीं सब्जी मंडी क्षेत्र में कुछ विक्रेताओं द्वारा प्रतिबंधित प्लास्टिक थैलियों का उपयोग करते पाए जाने पर 3 दुकानों पर चालान काटे गए।
निरीक्षण एवं कार्रवाई के दौरान नगर परिषद के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। नगर परिषद प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सिंगल यूज़ प्लास्टिक के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल नगर का लक्ष्य प्राप्त किया जा सके।