रतनगढ़। नागरिकों को शुद्ध, स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसी क्रम में नीमच जिले के कलेक्टर के निर्देशानुसार नगर परिषद रतनगढ़ द्वारा पेयजल टंकी एवं फिल्टर संयंत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया गया।
इस अभियान का निरीक्षण नगर परिषद अध्यक्ष सुगनाबाई-कचरूलाल गुर्जर, मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) खेमचंद मुसले एवं उपयंत्री दीपक मुवेल द्वारा किया गया। अभियान का उद्देश्य नगर की जल आपूर्ति प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाना रहा।
स्वच्छ जल, स्वस्थ नागरिक की दिशा में पहल-
जलजनित बीमारियों की रोकथाम को ध्यान में रखते हुए परिषद की टीम ने फिल्टर प्लांट के टैंकों, जल शोधन परतों (फिल्टर बेड) तथा मुख्य पाइपलाइनों की गहन सफाई की। सफाई के दौरान जल शोधन के सभी मानकों का विशेष रूप से पालन किया गया, ताकि नागरिकों को रोगाणु रहित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
प्रशासन की अपील-
नगर परिषद अध्यक्ष एवं मुख्य नगर अधिकारी ने बताया कि कलेक्टर के स्पष्ट निर्देश हैं कि पेयजल आपूर्ति व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि पेयजल का विवेकपूर्ण उपयोग करें और पानी की बर्बादी से बचें। उन्होंने यह भी कहा कि सभी जल कनेक्शनों पर नल लगाना अनिवार्य है। नागरिक अपने आसपास के जल स्रोतों को स्वच्छ रखने में नगर परिषद का सहयोग करें।
इस विशेष सफाई अभियान के दौरान नगर परिषद के तकनीकी अधिकारी, कर्मचारी एवं सफाईकर्मी मौजूद रहे। नगर परिषद ने स्पष्ट किया कि गुणवत्तापूर्ण पेयजल आपूर्ति में कोई बाधा न आए, इसके लिए इस प्रकार के सफाई एवं निरीक्षण कार्य भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रखे जाएंगे।