नीमच। शहरी क्षेत्र नीमच में नगर पालिका परिषद की पेयजल पाइपलाइन से जुड़े सभी नल कनेक्शनधारियों को अपने नल पर टोटिया (वाल्व) अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए गए हैं। यह अपील नगर पालिका परिषद नीमच की मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने एक प्रेस नोट के माध्यम से की है।
उन्होंने बताया कि कई बार नागरिक पेयजल भरने के बाद नल की नलियों को नालियों या गंदे स्थानों पर छोड़ देते हैं, जिससे दूषित पानी पाइपलाइन में प्रवेश कर सकता है और स्वच्छ पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है।
बामनिया ने कहा कि नगर पालिका द्वारा पूर्व में भी नल संयोजनधारियों से नलों में टोटिया लगाने का अनुरोध किया जा चुका है। इसके बावजूद अभी भी कई स्थानों पर टोटिया नहीं लगाए गए हैं, जो जनस्वास्थ्य के लिए खतरा बन सकता है।
उन्होंने शहरवासियों से पुनः आग्रह किया कि वे अपने नल कनेक्शन पर टोटिया अवश्य लगाएं, ताकि पाइपलाइन में गंदे पानी का प्रवेश रोका जा सके और आम जनता को शुद्ध, सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्वच्छ पेयजल आपूर्ति बनाए रखने में नागरिकों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।