दलौदा। थाना प्रभारी शुभम व्यास के नेतृत्व में दलौदा पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत काली फिल्म लगी कारों एवं बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
पुलिस ने अभियान के दौरान 50 से अधिक काली फिल्म लगी कारों तथा बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले बड़ी संख्या में चालकों पर चालानी कार्रवाई की। मौके पर ही वाहनों से काली फिल्म हटवाई गई, जिससे यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।
थाना प्रभारी शुभम व्यास ने बताया कि थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं में वृद्धि और तस्करी से जुड़ी सूचनाओं को देखते हुए यह अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब प्रतिदिन विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों एवं काली फिल्म लगे वाहनों पर लगातार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने की अपील की है।