भगवानपुरा। नगर स्थित शासकीय महाविद्यालय भगवानपुरा की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर के समापन अवसर पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भगवानपुरा विधायक केदार चिड़ाभाई डावर रहे। विशेष अतिथि के रूप में डॉ. सुरेश अवासे (जिला संगठन अधिकारी, रासेयो जिला खरगोन), यशवंत जायसवाल (ब्लॉक अध्यक्ष कांग्रेस, भगवानपुरा) एवं शंकरलाल मालवीया (उप सरपंच, ग्राम पंचायत भग्यापुर) उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रकाश सोलंकी ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रेरणा पुरुष स्वामी विवेकानंद एवं मां सरस्वती के पूजन के साथ हुआ। इस अवसर पर सात दिवसीय शिविर के दौरान किए गए कार्यों की जानकारी दी गई। शिविर में डिजिटल साक्षरता, मेरा युवा भारत आधारित परियोजनाएं, प्रतिदिन प्रभात फेरी, नशा मुक्ति एवं अन्य सामाजिक विषयों पर जन-जागरूकता रैलियां निकाली गईं। साथ ही बोरी बंधान जैसे कार्यों के माध्यम से जल संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।
मुख्य अतिथि विधायक केदार चिड़ाभाई डावर ने अपने संबोधन में कहा कि एनएसएस शिविर के माध्यम से छात्र-छात्राओं का सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास हो रहा है। सीमित संसाधनों के बावजूद महाविद्यालय द्वारा किए जा रहे नवाचार निष्ठावान नेतृत्व का परिणाम हैं, जिससे संस्था ने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है, जो इस क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है।
विशेष अतिथि डॉ. सुरेश अवासे ने कहा कि शिविर में सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों द्वारा अर्जित कौशल उन्हें जीवन भर एक जिम्मेदार और पूर्ण नागरिक बनने में सहायक सिद्ध होंगे। उन्होंने युवाओं से निरंतर परिश्रम और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य प्राप्त करने का आह्वान किया। वहीं यशवंत जायसवाल ने शिविरार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. सेवक चौहान ने किया एवं आभार प्रदर्शन डॉ. सुवालाल डावर द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी डॉ. रजनी सोलंकी सहित समस्त एनएसएस शिविरार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की जानकारी मीडिया प्रभारी डॉ. दिनेश गाठे ने दी।