मंदसौर। जिले में जारी भीषण शीतलहर और न्यूनतम तापमान में लगातार हो रही गिरावट को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए बड़ा निर्णय लिया है। जिला शिक्षा अधिकारी, मंदसौर ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के अंतर्गत संचालित समस्त शासकीय एवं अशासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत नर्सरी से कक्षा आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए 5 जनवरी 2026 से 6 जनवरी 2026 तक अवकाश घोषित किया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि उक्त अवधि के दौरान पूर्व निर्धारित शैक्षणिक गतिविधियाँ, जैसे परीक्षाएं एवं अन्य आवश्यक कार्य, अपने तय कार्यक्रम के अनुसार संचालित किए जाएंगे।
प्रशासन द्वारा मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। तापमान में और गिरावट अथवा शीतलहर की तीव्रता बढ़ने की स्थिति में आगे आवश्यक निर्णय लिया जाएगा।