नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच के विशेष सम्मेलन में आज कुल 25 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। बैठक में विकास कार्यों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों के साथ-साथ जनहित से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

सम्मेलन के दौरान कांग्रेस पार्षदों ने कुछ विषयों पर अपनी बात रखी। नेता प्रतिपक्ष योगेश प्रजापत ने उन्हें बोलने का अवसर नहीं दिए जाने का आरोप लगाते हुए धरना दिया। उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा पर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के हनन का आरोप लगाया।

भाजपा पार्षद किरण शर्मा ने बिना सीवर लाइन वाली कॉलोनियों के हैंडओवर किए जाने पर आपत्ति दर्ज कराई। वहीं रामचंद्र धनगर और किरण शर्मा ने इंदौर के भागीरथपुरा में हुई घटना का हवाला देते हुए नीमच शहर में पानी की टंकियों की नियमित सफाई की मांग उठाई।

पार्षद वीरेंद्र पाटीदार ने नामांतरण, बंगला बगीचा क्षेत्र के व्यवस्थापन तथा लीज नवीनीकरण में हो रही देरी का मुद्दा सदन के समक्ष रखा। पार्षद राजेश लालवानी ने कहा कि पार्षदों की असंगठित स्थिति के कारण शहर के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जिसका लाभ नगर पालिका के कर्मचारी उठा रहे हैं।

नेता प्रतिपक्ष योगेश प्रजापत ने बीमार पशुओं को उपचारशाला ले जाने सहित अन्य जनसमस्याओं की ओर भी सदन का ध्यान आकर्षित कराया।

नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने जानकारी दी कि विशेष सम्मेलन में प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के अंतर्गत शासकीय भूमि के चयन एवं आवंटन, टैगोर मार्ग पर पार्किंग व्यवस्था, स्कीम नंबर 36 सहित अन्य वार्डों में सड़क निर्माण जैसे कई महत्वपूर्ण विकास प्रस्ताव पारित किए गए।
