मुरैना। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंगल बस्ती से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां पूर्व पार्षद के लड़कों पर एक विकलांग युवक के साथ पहले मारपीट और फिर उस पर फायरिंग करने का आरोप लगा है। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
घटना मुरैना की सिंगल बस्ती के पास की बताई जा रही है, जहां आरोप है कि पूर्व पार्षद के बेटों ने एक विकलांग युवक अजय जाटव के साथ पहले जमकर मारपीट की। मारपीट के बाद आरोपियों ने युवक पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को सोमवार करीब 2ः00 बजे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार युवक की हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
“मामले की जांच की जा रही है, आरोपियों की तलाश जारी है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।” फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। वहीं इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।