मनासा। प्रदेश सरकार के “प्रशासन गांव की ओर” अभियान के अंतर्गत आज ग्राम देवरी खवासा के स्वराज भवन में देवरी खवासा, रायसिंहपुरा एवं बड़कुआ पंचायत के ग्रामीणों के लिए संयुक्त प्रशासनिक शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नामांतरण, बंटवारा, किसान सम्मान निधि, पेंशन, रास्ता विवाद सहित विभिन्न राजस्व एवं जनहित से जुड़े मामलों पर मौके पर ही सुनवाई की गई।
शिविर में मनासा तहसील के तहसीलदार सहित राजस्व, पंचायत, स्वास्थ्य एवं महिला-बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याएं व आवेदन प्रस्तुत किए। कई मामलों का मौके पर समाधान किया गया, वहीं शेष आवेदनों पर शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया गया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत देवरी खवासा के सरपंच प्रतिनिधि अंबाराम गुर्जर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, ग्राम पंचायत सचिव दिनेश जोशी (देवरी खवासा), रायसिंहपुरा पंचायत के सचिव लालाराम कुशवाहा, सहयोगी बलराम गुर्जर एवं बड़कुआ पंचायत के सचिव सहित प्रशासनिक अमला मौजूद रहा।
तहसीलदार ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान किया जाएगा। ग्रामीणों ने गांव में ही प्रशासनिक सुविधाएं मिलने पर संतोष व्यक्त किया और अभियान को सराहा।