नीमच। मध्यप्रदेश बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में स्वर्गीय कश्मीरीलाल गंगानगर अरोरा स्मृति मध्यप्रदेश राज्य स्तरीय सीनियर रैंकिंग बैडमिंटन प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ 5 जनवरी को नीमच में हुआ। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 5 से 9 जनवरी 2026 तक लायंस डेन एवं टाउन हॉल, नीमच में आयोजित की जा रही है, जिसमें प्रदेशभर के शीर्ष खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रायोजक एवं समाजसेवी अरुल अशोक अरोरा ने स्वर्गीय कश्मीरीलाल के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।

प्रतियोगिता में पुरुष एकल, पुरुष युगल, महिला एकल, महिला युगल एवं मिश्रित युगल वर्गों में रोमांचक मुकाबले खेले जा रहे हैं। इस राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 125 से अधिक सीनियर खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता के विजेताओं को कुल 1 लाख की पुरस्कार राशि के साथ आकर्षक ट्रॉफियां प्रदान की जाएंगी। मुकाबलों की निष्पक्षता एवं उच्च स्तरीय संचालन सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय स्तर के रेफरी एवं प्रशिक्षित अंपायर नियुक्त किए गए हैं।

इस प्रतियोगिता का आयोजन नीमच जिला बैडमिंटन संघ एवं लायंस क्लब नीमच के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य नीमच सहित प्रदेश के खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना है।

यह प्रतियोगिता न केवल खिलाड़ियों के लिए बल्कि पूरे जिले के लिए गौरव, उत्साह और प्रेरणा का केंद्र बनेगी। प्रतियोगिता को लेकर खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है और नीमच एक बार फिर खेल नगरी के रूप में अपनी पहचान मजबूत करता नजर आ रहा है।
