मंदसौर। जिले में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी में लापरवाही पर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना ने सख्त रुख अपनाया है। रविवार रात एसपी विनोद कुमार मीना एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल ने थाना नई आबादी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ड्यूटी से गैरहाजिर पाए गए पुलिसकर्मियों पर तत्काल कार्रवाई की गई तथा थाने की कार्यप्रणाली में कई खामियां सामने आईं।
स्टाफ उपस्थिति की जांच, एक पर दर्ज हुई गैरहाजिरी-
निरीक्षण के दौरान थाना नईआबादी में स्टाफ की उपस्थिति का सत्यापन किया गया। इस दौरान एक पुलिसकर्मी ड्यूटी पर अनुपस्थित पाया गया, जिस पर उसकी तत्काल गैरहाजिरी दर्ज की गई। एसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अभिलेखों, मालखाने और बंदीगृह का निरीक्षण-
एसपी एवं एएसपी ने थाना अभिलेखों की गहन जांच की। इस दौरान जरायम रजिस्टर, गुंडा रजिस्टर, हिस्ट्रीशीटर रजिस्टर, सीएम हेल्पलाइन रजिस्टर एवं एमएलसी रजिस्टर की पड़ताल की गई। इसके साथ ही मालखाना, बंदीगृह, शस्त्रागार एवं रिकॉर्ड शाखा का भी निरीक्षण किया गया। जहां अव्यवस्थाएं पाई गईं, वहां संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।
चेकिंग पॉइंट्स का भी लिया जायजा-
एसपी के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में दो-दो चेकिंग पॉइंट स्थापित किए गए थे। एसपी विनोद कुमार मीना ने इन चेकिंग पॉइंट्स का भी औचक निरीक्षण किया। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों से पूछताछ कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।
चेकिंग पॉइंट्स से भी अनुपस्थित मिले पुलिसकर्मी-
निरीक्षण के दौरान लगभग पांच पुलिसकर्मी चेकिंग पॉइंट्स से अनुपस्थित पाए गए। सभी की गैरहाजिरी दर्ज कर उनसे जवाब तलब किया गया है। एसपी ने कहा कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। एसपी विनोद कुमार मीना ने कहा कि थानों एवं चेकिंग पॉइंट्स की कार्यप्रणाली सुव्यवस्थित, अद्यतन और प्रभावी होनी चाहिए, ताकि आमजन को बेहतर सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।