नीमच। स्वर्गीय कश्मीरीलाल जी अरोरा की स्मृति में आयोजित पाँच दिवसीय मध्यप्रदेश स्टेट सीनियर रैंकिंग बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ सोमवार को नीमच में हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से आए प्रतिभावान खिलाड़ियों का जमावड़ा देखने को मिल रहा है। पहले दिन कई रोमांचक मुकाबले खेले गए।
प्रतियोगिता का शुभारंभ युवा समाजसेवी अरुल अशोक अरोरा (गंगानगर) द्वारा माता सरस्वती एवं स्व. कश्मीरीलाल जी अरोरा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नीमच के लिए यह गौरव का विषय है कि यहां के खिलाड़ी न केवल जिले बल्कि प्रदेश और देश का नाम भी रोशन कर रहे हैं।
यह प्रतियोगिता 5 से 9 जनवरी तक नीमच शहर के टाउन हॉल एवं लायन डेन में आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में पुरुष एकल, पुरुष युगल, महिला एकल, महिला युगल एवं मिश्रित युगल वर्गों में मुकाबले खेले जा रहे हैं।
बैडमिंटन फेडरेशन के सचिव दीपक श्रीवास्तव ने बताया कि प्रतियोगिता के अगले राउंड 6 जनवरी को सुबह 10 बजे से प्रारंभ होंगे। आयोजन में समाजसेवी अशोक अरोरा (गंगानगर), पिंकू नागौरी सहित अनेक खेल प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रथम दौर के विजेता खिलाड़ी-
पुरुष एकल वर्ग में भव्य मित्तल (एमपीबीए), सार्थक कश्यप (खरगोन), पृथ्वी सिंह (नीमच), विनय कोष्टी (देवास), मेहर आनंद (एमपीबीए), हितेश सोनी (मंदसौर), पार्थ भट्ट (धार), देशवा मिश्रा (शिवपुरी), नवनीत (इंदौर), नामदेव (उज्जैन), आदि पटवा (उज्जैन), निलेश गुर्जर तथा निपेंद्र सिंह (धार) ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया। महिला एकल वर्ग में धैर्य शर्मा एवं प्रतीक्षा पाटीदार (मंदसौर) ने जीत दर्ज की।