मुरैना। प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मेले में उस समय हड़कंप मच गया, जब लड़कियों से छेड़खानी कर रहे एक युवक को मौके पर ही पकड़ लिया गया। आरोप है कि युवक मेले में घूम रही लड़कियों के साथ अभद्र व्यवहार कर रहा था, जिससे नाराज होकर चार से पांच लड़कियों ने युवक की जमकर पिटाई कर दी।
घटना मेले के बीचों-बीच हुई, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने स्थिति बिगड़ती देख बीच-बचाव किया और युवक को लड़कियों के चंगुल से छुड़ाया।
इस पूरी घटना का वीडियो वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल में कैद कर लिया, जो मंगलवार सुबह करीब 10 बजे सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद लोग अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग लड़कियों के साहस की सराहना कर रहे हैं, तो कुछ कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यह पूरा मामला मौत के कुआं के सामने का बताया गया है जहां झूले के ऊपर खड़े होकर युवक ने वीडियो बनाया और वायरल कर दिया है।