नीमच। स्वर्गीय कश्मीरीलालजी अरोरा की स्मृति में आयोजित राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के दूसरे दिन मंगलवार को प्रदेशभर से आए खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के तेज और सटीक शॉट्स ने खेल प्रेमियों को रोमांचित कर दिया।

मंगलवार को खेले गए मुकाबलों में क्वालीफाइंग राउंड पूर्ण हुआ, जिसके बाद खिलाड़ी मुख्य चक्र में पहुंचे। आयोजन के दौरान समाजसेवी सुनील शर्मा, भूपेंद्र गौड़, पिंकू नागोरी, चीफ रेफरी बृजेश कुमार गोड, जगद्गुरु पंडित विक्रम शर्मा तथा विश्व हिंदू परिषद के नेता निर्मल देव नरेला मंचासीन रहे।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि सुनील शर्मा ने कहा कि गंगानगर परिवार द्वारा नीमच एवं प्रदेश के खिलाड़ियों को यह एक उत्कृष्ट सौगात दी गई है। इतना भव्य आयोजन कर खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना हर किसी के बस की बात नहीं है। इस तरह के राज्य स्तरीय टूर्नामेंट से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ेगा और देश को भविष्य में राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी मिलेंगे।

आयोजक अशोक अरोरा (गंगानगर) ने खिलाड़ियों के मुकाबले देखकर उनका उत्साहवर्धन किया और पीठ थपथपाई। अशोक अरोरा के आग्रह पर लायंस क्लब के अध्यक्ष सुनील शर्मा ने शतरंज खिलाड़ियों के लिए भी एक अलग कक्ष एवं समुचित व्यवस्था करने की घोषणा की। इस घोषणा पर पूरे हॉल में तालियों की गूंज सुनाई दी।

इस अवसर पर पार्षद हरगोविंद दीवान, महेंद्र मोनू लोक्स, संजय पवार, पवन शर्मा, कपिल पवार, अनिल भाटी, महेंद्र उपाध्याय, जीत किलेवाला, जय श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुल अरोरा एवं सचिव दीपक श्रीवास्तव ने बताया कि आगामी दिनों में मुकाबले और भी रोमांचक होंगे। 9 जनवरी को फाइनल मुकाबलों के साथ प्रतियोगिता का समापन होगा। इसके पश्चात विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र एवं मैडल प्रदान किए जाएंगे।

क्वालीफाइंग राउंड के प्रमुख परिणाम-
6 जनवरी को खेले गए क्वालीफाइंग राउंड में नीमच सहित अन्य जिलों के कई खिलाड़ी मुख्य चक्र में पहुंचे।
पुरुष एकल वर्ग में आदि पटवा (उज्जैन) ने निलेश गुर्जर को 15-14, 15-14 से पराजित किया। हर्ष चौकसे (इंदौर) ने भव्य मित्तल (एमपीबीए) को 15-11, 15-9 से हराया। निपेंद्र सिंह (धार) ने विशेष सोलंकी (एमपीबीए) को 15-9, 12-15, 15-6 से मात दी। ऑस्टिन (इंदौर) ने मेयर आनंद (एमपीबीए) को 9-15, 15-9, 15-5 से पराजित किया। पार्थ भट्ट (धार) को मंदसौर के रितेश सोनी से वॉकओवर मिला। अनस मोहम्मद शेख (एमपीबीए) ने देवस्व मिश्रा को 15-6, 15-11 से हराया। कृष्णकांत दुबे (ग्वालियर) ने नवनीत क. नडारे (इंदौर) को 15-7, 15-7 से पराजित किया। सार्थक कश्यप (खरगोन) ने आयु सुलेरे (जबलपुर) को 15-12, 15-6 से हराया।

महिला एकल वर्ग में अन्वि गर्ग ने आर्या पोरवाल को 15-1, 15-5 से, अद्विका सिंह (उज्जैन) ने पर्ल कोठारी (नीमच) को 15-2, 15-10 से, प्रेक्षिता पाटीदार (मंदसौर) ने मुग्धा सिंहल को 15-13, 15-12 से तथा धैर्य शर्मा (उज्जैन) ने हर्षिता दलवारिया (नीमच) को 15-13, 15-13 से पराजित किया।

पुरुष युगल वर्ग में नीमच के अभिषेक मेहता एवं अभिषेक शर्मा को धार के शुभम प्रजापति एवं अभिमन्यु सिंह से वॉकओवर मिला। जीत किलेवाला एवं कमलेश मुछाल ने नवनीत एवं दीपक पवार (इंदौर) को 15-12, 15-12 से हराया। हर्ष चौकसे एवं ऑस्टिन (इंदौर) ने निलेश (ग्वालियर) एवं शिवांश पाल (उज्जैन) को 15-12, 15-10 से पराजित कर मुख्य चक्र में प्रवेश किया।
