चित्तौड़गढ़। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) ने 69वीं राष्ट्रीय विद्यालय स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं में पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बायोमेट्रिक सत्यापन प्रणाली लागू की है। इस प्रणाली के माध्यम से केवल योग्य और पात्र खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
SGFI के ऑब्जर्वर लियाक खान ने बताया कि प्रतियोगिता का वार्षिक कैलेंडर पहले ही घोषित किया जाता है, जिससे खिलाड़ियों और आयोजकों को तैयारी का पर्याप्त समय मिलता है। इसके साथ ही फेडरेशन की वेबसाइट को नियमित रूप से अपडेट किया जा रहा है, ताकि खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और स्कूल प्रशासन को सही व त्वरित जानकारी मिल सके।
विजेता टीमों के प्रमाण पत्र अब ऑनलाइन उपलब्ध होंगे, जिनमें बारकोड अंकित होगा। बारकोड स्कैन करने पर खिलाड़ी की पूरी जानकारी सामने आएगी, जिससे किसी भी चयन प्रक्रिया में फर्जीवाड़े की संभावना समाप्त हो जाएगी।
राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में विजेता खिलाड़ियों को भर्ती परीक्षाओं में प्रमाणपत्रों के आधार पर आरक्षण का लाभ मिलेगा। शारीरिक शिक्षक भर्ती परीक्षाओं में भी प्रतिभागिता के लिए अतिरिक्त अंक प्रदान किए जाएंगे।
ऑब्जर्वर लियाक खान ने कहा कि इस नई पहल से भर्ती प्रक्रियाओं में फर्जी खिलाड़ियों के चयन पर प्रभावी रोक लगेगी और वास्तविक, मेहनती और योग्य खिलाड़ियों को उनका हक मिलेगा।