नीमच। पुलिस अधीक्षक नीमच अंकित जायसवाल के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थ एवं अवैध शराब के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया एवं एसडीओपी मनासा निकिता सिंह के मार्गदर्शन में थाना मनासा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है।
दिनांक 6 जनवरी 2026 को थाना मनासा पुलिस ने दो अलग-अलग मुखबिर सूचनाओं पर कार्रवाई करते हुए अवैध हाथ भट्टी की कुल 90 लीटर कच्ची शराब के साथ 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें 2 आरोपी अंतर्राज्यीय शातिर चोर बताए जा रहे हैं।
पहली कार्रवाई में पुलिस ने अक्षय पिता कंवरलाल बाछड़ा (30) एवं अर्जुन पिता कंवरलाल बाछड़ा (40), निवासी ग्राम हाड़ीपीपल्या, को बजाज पल्सर मोटरसाइकिल पर 20 लीटर कच्ची जहरीली शराब के साथ गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी विभिन्न चोरी व अन्य अपराधों में फरार चल रहे थे। इस संबंध में थाना मनासा पर आबकारी अधिनियम की धारा 49(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
दूसरी कार्रवाई में थाना गंगधार (जिला झालावाड़, राजस्थान) के फरार आरोपी पिंटू उर्फ प्रकाश पिता राजन बाछड़ा (40), निवासी ग्राम तलाऊ तथा अनिकेत पिता राजेश बाछड़ा, निवासी ग्राम हाड़ीपीपल्या को 70 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। दोनों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट एवं आबकारी अधिनियम सहित कई गंभीर प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस द्वारा आगे की विवेचना की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना मनासा के उप निरीक्षक तेज सिंह सिसोदिया, उप निरीक्षक नीलेश सोलंकी, सउनि दिलीप कलमोदिया, सउनि गोविंद सिंह सहित पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।