नीमच। केंट थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक मोबाइल चोरी का मामला सामने आया। नयाबाजार स्थित जय किसान बीज भंडार से अज्ञात चोर ने दुकान के काउंटर पर रखा मोबाइल चुरा लिया और मोबाइल के जरिए बैंक खाते से 5 हजार रुपए निकाल लिए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।

बीज खरीदने के बहाने आया आरोपी-
दुकान संचालक आशीष एरन ने केंट थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि बुधवार शाम करीब 7 बजे उनके पिता राजेंद्र प्रसाद एरन दुकान पर थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति बीज खरीदने के बहाने आया और मौका पाकर मोबाइल उठाकर फरार हो गया।

पहले जांच, फिर बड़े लेनदेन-
चोर ने सबसे पहले खाते से 1 रुपए का ट्रांजैक्शन कर यह देखा कि खाता सक्रिय है या नहीं। इसके बाद उसने खाते से 4,999 रुपए निकाल लिए। कुल मिलाकर खाते से 5 हजार रुपए की निकासी हुई।

समय रहते बची बड़ी रकम-
पीड़ित ने बताया कि उनके खाते में कुल 86 हजार रुपए जमा थे। मोबाइल चोरी की सूचना मिलते ही वे तुरंत बैंक पहुंचे और ट्रांजैक्शन रोकने का आवेदन दिया। समय पर कार्रवाई होने के कारण शेष राशि सुरक्षित बच गई।

पुलिस और साइबर सेल को दी जानकारी-
गुरुवार दोपहर को पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक और साइबर सेल को भी आवेदन सौंपा। उन्होंने आरोपी की गिरफ्तारी और निकाली गई रकम वापस दिलाने की मांग की। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी हुई है।
