नीमच। मकर संक्रांति के पावन पर्व से ठीक पहले नीमच कैंट पुलिस ने नया बाजार स्थित बड़ी मंडी की एक दुकान पर छापा मारकर करीब 10 हजार मीटर प्रतिबंधित मांझा बरामद किया है। इस कार्रवाई में एक दुकानदार को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने अजीज रंगरेज की दुकान पर दबिश दी और यहां से 34 वर्षीय दुकानदार आसिफ पुत्र अजीज मोहम्मद को हिरासत में लिया।

पांच गिट्टे और पतंगों का स्टॉक जब्त-
तलाशी के दौरान दुकान से चाइनीज मांझे के पांच बड़े गिट्टे बरामद हुए। प्रत्येक गिट्टे में भारी मात्रा में डोर भरी हुई थी, जिसकी कुल लंबाई लगभग 10 हजार मीटर बताई जा रही है। इसके साथ ही दुकान में रखे पतंगों के स्टॉक को भी पुलिस ने जब्त कर लिया।

आरोपी आसिफ के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 223 और पर्यावरण संरक्षण अधिनियम की धारा 15 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

सप्लायरों की तलाश में जुटी पुलिस-
थाना प्रभारी निलेश अवस्थी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि यह प्रतिबंधित मांझा कहां से लाया गया। पुलिस शहर के मुख्य सप्लायरों के नेटवर्क की तलाश में भी जुटी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा और प्रतिबंधित मांझा बेचने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
