चित्तौड़गढ़। राशमी थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक गंभीर प्रकरण में वांछित, पिछले पांच वर्षों से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गुजरात के बड़ौदा से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि थाना राशमी क्षेत्र में वर्ष 2021 में दर्ज 3 क्विंटल 76 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा तस्करी के प्रकरण में मुख्य अभियुक्त रोशन लाल फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह के निर्देशन एवं डीवाईएसपी गंगरार शिवन्या सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी रतन सिंह (पुलिस निरीक्षक) के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने सूचना तंत्र, मुखबिरों, तकनीकी एवं मनोवैज्ञानिक तरीकों के साथ-साथ जिला साइबर सेल की सहायता से अभियुक्त की लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद मुख्य अभियुक्त रोशन लाल पिता शंकर लाल, जाति जाट, निवासी रेवाड़ा, थाना राशमी, जिला चित्तौड़गढ़ को गुजरात के बड़ौदा से डिटेन कर थाना राशमी लाया गया।
अभियुक्त पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय चित्तौड़गढ़ द्वारा 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। अभियुक्त को प्रकरण में गिरफ्तार कर पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है तथा मामले में आगे अनुसंधान जारी है।