नीमच। जिले के लासूर धामनिया निवासी पवन उर्फ प्रदीप पिता राधेश्याम उम्र 30 की गुरुवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मकान की दीवार निर्माण को लेकर हुए विवाद के दौरान उन्हें गंभीर चोटें आई थीं, जिसके बाद उनकी मृत्यु हो गई।

मृतक की पत्नी सुगना बारेठ ने बताया कि उनके मकान की दीवार का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान आरोपी मुकेश बारोठ पिता शंकरलाल निवासी लासूर धामनिया ने उनके पति पर पावड़े से हमला कर दिया। आरोप है कि मुकेश के पिता एवं अन्य परिजनों ने भी मारपीट की। इस हमले में पवन को गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने बताया कि उनके बच्चे अभी छोटे हैं और परिवार पूरी तरह टूट गया है।

घटना के बाद मृतक का शव जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए रखा गया है। न्याय की मांग को लेकर पीड़ित परिजन एसपी कार्यालय पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें शीघ्र न्याय नहीं मिला तो वे एसपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करेंगे और चक्काजाम किया जाएगा। घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
