नीमच। सिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत बांछड़ा समुदाय के दो परिवारों के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर हुआ विवाद गुरुवार को हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए, जबकि मारपीट के दौरान एक चारपहिया वाहन के कांच भी तोड़ दिए गए। मामले की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों की शिकायत पर जांच शुरू की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बोरखेड़ी पानेरी निवासी अर्जुन मालवीय, प्रकाश एवं संपत बाई से नेवड़ निवासी आकाश चौहान ने करीब तीन वर्ष पूर्व 50 हजार रुपये ब्याज पर उधार लिए थे। बताया जा रहा है कि इस राशि में से करीब 20 हजार रुपये बकाया थे। बकाया राशि की मांग को लेकर दोनों परिवार आमने-सामने आ गए और विवाद बढ़ते-बढ़ते लाठी-डंडों व पत्थरों से मारपीट में तब्दील हो गया।
अर्जुन मालवीय ने आरोप लगाया कि आकाश चौहान के परिवार ने रुपये लौटाने का आश्वासन देकर बुलाया और बाद में मुकरते हुए हमला कर दिया। इस हमले में उनके परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं दूसरे पक्ष की ओर से आकाश चौहान की दादी सौरम बाई ने आरोप लगाया कि वे 5 प्रतिशत ब्याज सहित अब तक करीब दो लाख रुपये चुका चुके हैं। शेष 20 हजार रुपये देने के लिए उन्होंने तीन दिन का समय मांगा था, लेकिन इसके बावजूद दूसरे पक्ष कई वाहनों में सवार होकर उनके घर पहुंचा और हमला कर दिया, जिसमें दिलीप, दुर्गा और आकाश चौहान घायल हुए।
घटना की जानकारी मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर विभिन्न धाराओं में मामला पंजीबद्ध कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच कर रही है।