सिंगोली। ग्राम थड़ोद में शुक्रवार शाम एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार तीन स्कूली बालिकाओं को टक्कर मार दी, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सिंगोली अस्पताल भिजवाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बड़ी निवासी तीनों बालिकाएं कक्षा 10वीं में अध्ययनरत हैं। शुक्रवार शाम करीब पौने पांच बजे स्कूल से छुट्टी के बाद वे थड़ोद से बड़ी गांव जाने के लिए बाइक पर सवार होकर जा रही थीं। इसी दौरान सिंगोली से बेगूं की ओर जा रही तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में रिंकू गुर्जर, सुनैना मंसूरी और टीना गुर्जर घायल हो गईं। दुर्घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने पिकअप वाहन को रुकवाया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायल बालिकाओं को सिंगोली अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल टीना गुर्जर को रेफर कर दिया गया।
पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।