सिंगोली। वनपरिक्षेत्र रतनगढ़ अंतर्गत ऑपरेशन वाइल्ड ट्रेप–II के तहत शुक्रवार को वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीतर का अवैध शिकार कर रहे एक शिकारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 9 जीवित तीतर बरामद किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सब-रेंज ताल की बीट ताल, कक्ष क्रमांक 199 में संजु पिता मेहकुम पारदी (उम्र 51 वर्ष) निवासी एकता कॉलोनी, नीमच, हाल मुकाम सिंगोली को जाल लगाकर तीतर का शिकार करते रंगे हाथों पकड़ा गया।
वन विभाग द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार यह कार्रवाई एस.के. अटोदे वनमंडलाधिकारी, नीमच, दशरथ अखंड उपवनमंडलाधिकारी, नीमच तथा प्रतापलाल गेहलोत वन परिक्षेत्राधिकारी, रतनगढ़ के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में बापूलाल दायणा (वनपाल, परिक्षेत्र सहायक ताल), नयन मालवीय (वनरक्षक, बीट ताल) एवं सुरक्षा श्रमिक शंभुलाल भील की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आरोपी के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण क्रमांक 242/08, दिनांक 16.01.2026 को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 2, 9, 39, 50 एवं 51 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मौके से टीवीएस स्टार मोटरसाइकिल क्रमांक RJ-09-SJ-7944 भी जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपी को माननीय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, नीमच के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायालय के आदेशानुसार उसे कनावटी जेल, नीमच भेज दिया गया।