नीमच सिटी। महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नीमच सिटी में शुक्रवार, 23 जनवरी 2026 को एक प्रेरणादायी सामाजिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नीमच के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान क्रिएटिव माइण्ड ग्लोबल स्कूल के डायरेक्टर विकास मदनानी ने अपनी माताजी के साथ अपने पिता की पुण्यतिथि के अवसर पर विद्यालय की प्राथमिक कक्षाओं (कक्षा 1 से 5) के 120 विद्यार्थियों को स्कूल शूज वितरित किए। इनमें 70 बालिकाएं एवं 50 बालक शामिल थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ बसंत पंचमी के अवसर पर मां सरस्वती के पूजन-अर्चन एवं वंदन के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य बालकिशन बनौधा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में विकास मदनानी ने विद्यार्थियों को माता-पिता एवं गुरुजनों का सदैव सम्मान करने और उन्हें जीवन में प्राथमिकता देने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन मधुलिका शर्मा द्वारा किया गया। अंत में विद्यालय की वरिष्ठ शिक्षिका हेमलता वर्मा ने विद्यालय परिवार की ओर से विकास मदनानी एवं उनकी माताजी का आभार व्यक्त करते हुए उनके इस सराहनीय सामाजिक योगदान के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।