मंदसौर। उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने शुक्रवार को मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम हरसोल, अरनिया देव एवं सुठोद में कुल 18 करोड़ 86 लाख रुपये की लागत से निर्मित एवं प्रस्तावित विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।
ग्राम हरसोल में उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने 6 करोड़ 47 लाख रुपये की लागत से निर्मित दो सड़कों का लोकार्पण किया। इसमें मनासा-पिपलिया मार्ग से किशनगढ़ मार्ग (1.24 करोड़ रुपये) तथा नारायणगढ़ से हरसोल मार्ग (5.03 करोड़ रुपये) शामिल है। इसके अतिरिक्त ग्राम हरसोल में 3 लाख रुपये की सीसी रोड, 4 लाख रुपये का मांगलिक भवन तथा 13 लाख रुपये की लागत से संत श्री रविदास भवन का भी लोकार्पण किया गया।
ग्राम अरनिया देव में 2 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से अरनिया देव से लसुड़िया कंदमाला मार्ग के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। वहीं ग्राम सुठोद में 5 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से सुठोद से नारायणगढ़ मार्ग तथा 4 करोड़ 76 लाख रुपये की लागत से पुराने शहर मार्ग नारायणगढ़ से मुंदेड़ी मार्ग का भूमिपूजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार, जिला योजना समिति सदस्य राजेश दीक्षित, मदनलाल राठौर सहित जनप्रतिनिधि, किसान, आम नागरिक एवं पत्रकार उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने कहा कि मल्हारगढ़ सूक्ष्म उद्यान सिंचाई परियोजना के माध्यम से क्षेत्र के प्रत्येक खेत तक पानी पहुंचाया जाएगा। इस योजना के तहत किसान किसी भी समय सिंचाई कर सकेंगे और इसके लिए बिजली की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने कहा कि एक वर्ष के भीतर चंबल का पानी हर खेत तक पहुंचेगा, साथ ही पेयजल की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने जो वादा किया है, उसे पूरा करके दिखाया है। गरीबों की समस्याओं का समाधान, स्वास्थ्य, सुरक्षा, बिजली और सड़क के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं। प्रधानमंत्री सड़क योजना के माध्यम से गांव-गांव को जोड़ा गया है और आज मजबूत सड़क नेटवर्क क्षेत्र के विकास की पहचान बन चुका है।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज सभी वर्गों को मिल रहा है। साथ ही सांदीपनि विद्यालयों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की व्यवस्था की गई है, जहां गरीब और अमीर सभी वर्गों के बच्चे एक साथ अध्ययन कर रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने कहा कि सशक्त सड़क नेटवर्क से कृषि, उद्योग, व्यापार एवं सेवा क्षेत्रों को नई गति मिलती है और यही संतुलित व समग्र विकास की आधारशिला है।