देवास। मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना के अंतर्गत बसंत पंचमी के पावन अवसर पर नगर निगम देवास द्वारा स्थानीय कृषि उपज मंडी परिसर में सामूहिक विवाह एवं निकाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 81 कन्याओं का विवाह एवं निकाह संपन्न हुआ, जिनमें 54 हिंदू विवाह और 27 मुस्लिम निकाह शामिल रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक गायत्री राजे पवार ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार बेटियों के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि विवाह के अवसर पर सरकार की ओर से प्रत्येक बेटी को कन्यादान स्वरूप 49 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई है, जो शासन द्वारा नवविवाहित बेटियों के निजी खातों में ऑनलाइन अंतरित की जाएगी।
इस अवसर पर महापौर गीता अग्रवाल ने नव दंपत्तियों को सुखमय वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। निगम सभापति रवि जैन ने योजना को सरकार की संवेदनशील और पुण्यात्मक पहल बताया।
भाजपा जिलाध्यक्ष रायसिंह सेंधव ने कहा कि सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और ऐसी योजनाएं सामाजिक समरसता को मजबूत करती हैं। समारोह में नवविवाहित जोड़ों को पारंपरिक रीति-रिवाजों और धार्मिक विधियों के साथ विवाह बंधन में बांधा गया। आयोजन को लेकर वर-वधू एवं उनके परिजनों में खासा उत्साह और खुशी देखने को मिली।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, नगर निगम अधिकारी-कर्मचारी एवं वर-वधू पक्ष के परिजन उपस्थित रहे।