देवास। कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने जिले में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों एवं शासकीय कार्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने चापड़ा क्षेत्र में हरदा-इंदौर राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यों की प्रगति का अवलोकन कर एनएचएआई अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
चापड़ा मुख्य चौराहे पर निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ड्रेनेज सिस्टम दुरुस्त करने, लेफ्ट टर्न से अतिक्रमण हटाने तथा पुराने सुलभ शौचालय को हटाकर नया शौचालय बनाने के निर्देश दिए। नाले पर बने अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी एसडीएम को दिए गए।
ग्राम पंचायत गुराड़िया कलां में तालाब निरीक्षण के दौरान शासकीय भूमि पर अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं ग्राम पंचायत ननासा में पानी की टंकी का निरीक्षण कर पानी की पीएच व कठोरता की जांच कराई गई, जो मानक के अनुरूप पाई गई।
कलेक्टर सिंह ने खातेगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर आयुष्मान केंद्र, आपातकालीन वार्ड, मातृ एवं शिशु वार्ड सहित अन्य इकाइयों की व्यवस्थाएं देखीं और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मरीजों एवं परिजनों से चर्चा कर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी भी ली।
कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने कहा की “जिले में चल रहे सभी विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण करना प्राथमिकता है। आमजन को बेहतर सड़क, स्वच्छ पेयजल एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। अतिक्रमण व लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।