नीमच। 26 जनवरी गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह शासकीय माध्यमिक विद्यालय क्रमांक- 2 में पूरे हर्षाेल्लास और देशभक्ति के माहौल में आयोजित किया जाएगा। समारोह की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। इसी क्रम में आज आयोजन स्थल पर भव्य फाइनल रिहर्सल संपन्न हुई, जिसमें परेड, पीटी प्रदर्शन और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जीवंत अभ्यास देखने को मिला।
फाइनल रिहर्सल के दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं ने अनुशासनबद्ध पीटी प्रदर्शन किया, वहीं परेड और हर्ष फायर के माध्यम से मुख्य समारोह की झलक दिखाई दी। मौजूद प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने प्रत्येक व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जैसा कि विदित है, गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में जिले की प्रभारी मंत्री निर्मला भूरिया परेड की सलामी लेंगी। हर वर्ष की तरह इस बार भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा।
फाइनल रिहर्सल के अवसर पर एडीएम बीएल कलेश, एसडीएम संजीव साहू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया, सीएसपी किरण चौहान, नगर पालिका सीएमओ दुर्गा बामनिया, प्लाटून कमांडर पुष्पा सिंह, आरआई विक्रम भदोरिया सहित अनेक प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।