नीमच। राजस्थान रूट की बसों के ठप होने से नीमच के प्राइवेट बस स्टैंड पर सैकड़ों यात्री परेशान नजर आए। नीमच से राजस्थान जाने वाली और राजस्थान से नीमच आने वाली सभी यात्री बसों का संचालन आज पूरी तरह बंद रहा। बस ऑपरेटरों की हड़ताल के चलते राजस्थान की ओर जाने वाले यात्रियों को बस स्टैंड पर लंबा इंतजार करना पड़ा और उन्हें भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।

नीमच से प्रतिदिन छोटी सादड़ी, निंबाहेड़ा, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, भीलवाड़ा, अजमेर और कोटा जैसे प्रमुख रूटों पर बड़ी संख्या में यात्रियों का आवागमन होता है। इन सभी रूटों की बसें बंद रहने से यात्रियों की दिनचर्या और यात्रा योजनाएं प्रभावित हुईं।

बस ऑपरेटरों ने हड़ताल का कारण बताते हुए कहा कि राजस्थान सरकार द्वारा नया नियम लागू किया गया है, जिसके तहत बसों की छत पर लगे लगेज स्टैंड (जंगले) हटाए जा रहे हैं। इसके कारण यात्रियों का सामान बसों में रखने में कठिनाई हो रही है और यात्रियों में भी बस से यात्रा करने को लेकर हिचक पैदा हो रही है। परिणामस्वरूप बस ऑपरेटरों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

बताया गया है कि राजस्थान में भी बस ऑपरेटरों की हड़ताल जारी है। उल्लेखनीय है कि नीमच और राजस्थान के बीच प्रतिदिन करीब 100 बसों का आवागमन होता है। बस ऑपरेटर अपनी मांगों को लेकर आज राजस्थान के विभिन्न स्थानों पर ज्ञापन सौंप सकते हैं।
