नीमच। शहर के पावन धार्मिक स्थल गोधाम बालाजी में पोरवाल महिला मंडल द्वारा बसंतोत्सव के उपलक्ष्य में पहली बार भव्य और श्रद्धापूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस विशेष आयोजन में आस्था, संस्कृति और गौसेवा की अनुपम झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम के दौरान महिला मंडल की सदस्यों ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी, जिन पर महिलाओं ने भक्तिभाव से नृत्य किया और पूरा वातावरण भक्तिरस से सराबोर हो गया। इसके पश्चात विधिविधान से पूजन-अर्चन सम्पन्न हुआ।
आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता रही गौशाला में विराजमान गौमाताओं के लिए 56 भोग का भव्य आयोजन। इस अवसर पर गौमाताओं के लिए बादाम, काजू, किशमिश, ड्रायफ्रूट, खीर, कढ़ी, घेवर, लापसी, पपीता, पान का बीड़ा, खल, कपास, केक, फल, सब्जियां, सलाद और घास सहित अनेक पौष्टिक एवं स्वादिष्ट व्यंजन श्रद्धा भाव से अर्पित किए गए।
बसंतोत्सव की शोभा तब और बढ़ गई जब सभी महिलाएं पीली वेशभूषा में भक्ति और उल्लास के साथ आयोजन में शामिल हुईं। कार्यक्रम के समापन पर प्रसाद वितरण किया गया।
यह आयोजन पोरवाल महिला मंडल की धार्मिक आस्था, सामाजिक सहभागिता और गौसेवा के प्रति समर्पण का आदर्श उदाहरण बनकर सामने आया।