नीमच। पीड़ित मानव सेवा को सदैव समर्पित रहे स्वर्गीय डॉ. सुभाष वधवा की पाँचवीं पुण्यतिथि पर नीमच स्थित वधवा अस्पताल में सेवा, समर्पण और चिकित्सा का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा परामर्श शिविर में बड़ी संख्या में मरीजों ने पहुँचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से उपचार एवं परामर्श प्राप्त किया।
शिविर के दौरान वरिष्ठ सर्जन डॉ. स्वप्निल वधवा द्वारा हर्निया, पाइल्स, फिस्टुला, अपेंडिक्स, बच्चेदानी, हाइड्रोसील, छोटी-बड़ी गांठों सहित एंडोस्कोपी एवं पेट से संबंधित रोगों के मरीजों की जांच कर विशेषज्ञ परामर्श दिया गया। विशेष रूप से जरूरतमंद मरीजों के ऑपरेशन अत्यंत रियायती शुल्क पर किए गए, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को बड़ी राहत मिली।
वहीं मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. स्वाति वधवा ने मानसिक रोगों से ग्रसित मरीजों को परामर्श प्रदान कर उपचार के साथ सकारात्मक जीवन की दिशा में मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में “डॉ. सुभाष वधवा स्मृति चौरिटेबल कार्ड” का शुभारंभ किया गया। इस कार्ड के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को भविष्य में भी निरंतर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे सेवा कार्यों को स्थायित्व मिलेगा।
शिविर के दौरान क्षेत्रीय विधायक दिलीप सिंह परिहार द्वारा पेलेटिव केयर यूनिट का शुभारंभ किया गया। यह यूनिट गंभीर एवं असाध्य रोगों से पीड़ित मरीजों के लिए नीमच जिले के चिकित्सा क्षेत्र में एक मानवीय पहल मानी जा रही है। शिविर में अन्य चिकित्सा विशेषज्ञों ने भी अपनी सेवाएं प्रदान कर मरीजों का उपचार किया।