देवरी खवासा। ग्राम देवरी खवासा में नवयुग मित्र मंडल द्वारा आयोजित सामूहिक सुंदरकांड पाठ इन दिनों पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। यह आयोजन अब केवल मंदिर परिसरों तक सीमित न रहकर निजी निवासों पर भी संगीतमय एवं भव्य स्वरूप में संपन्न किया जा रहा है, जो अपने आप में एक अभिनव और प्रेरणादायी पहल मानी जा रही है।
गांव के युवा एवं वरिष्ठजन मंजीरा-करताल की मधुर ताल पर एक स्वर में सुंदरकांड का पाठ कर रहे हैं। प्रत्येक शनिवार को मंदिरों के साथ-साथ निजी निवासों पर भी सुंदरकांड का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी ग्रामीण सहभागिता कर रहे हैं।
सुंदरकांड पाठ के दौरान बालाजी महाराज के भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते नजर आते हैं। आयोजन की विशेषता यह है कि इसमें सहभागी बनने वाले सभी युवाओं का तिलक लगाकर एवं दुपट्टा पहनाकर आत्मीय स्वागत किया जाता है, जिससे आपसी भाईचारे, संस्कारों और सामाजिक सौहार्द की भावना और अधिक प्रबल हो रही है।
नवयुग मित्र मंडल की यह पहल न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ कर रही है, बल्कि गांव में सांस्कृतिक एकता, सामाजिक समरसता एवं युवा शक्ति के सकारात्मक उपयोग का भी सुंदर उदाहरण प्रस्तुत कर रही है। इस भव्य आयोजन से संपूर्ण गांव का वातावरण भक्तिमय बन गया है और ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
देवरी खवासा में यह सामूहिक सुंदरकांड पाठ अब केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि गांव की नई पहचान के रूप में स्थापित होता जा रहा है।