नीमच। नगरवासियों की सुख-समृद्धि की कामना के साथ नीमच से श्री सांवरिया सेठ के धाम तक भव्य पैदल यात्रा बुधवार 4 फरवरी को लायंस पार्क चौराहे से प्रारंभ हुई। यह पदयात्रा नीमच से नयागांव होते हुए निंबाहेड़ा पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम एवं भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। गुरुवार 5 फरवरी को पदयात्रा मंडफिया स्थित श्री सांवरिया सेठ के धाम पहुंचकर दर्शन, पूजा-अर्चना एवं भोग-प्रसादी के साथ संपन्न होगी।

श्री सांवरिया भक्त मंडल द्वारा आयोजित दो दिवसीय पदयात्रा को लेकर नगर में सुबह से ही भक्तिमय वातावरण बना रहा। यात्रा के शुभारंभ से पूर्व लायंस पार्क चौराहे पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ एकत्रित हो गई थी। चारों ओर जयकारों और भक्ति गीतों से माहौल गूंज उठा। पदयात्रा अरुल अशोक अरोरा के सान्निध्य में निकाली जा रही है।

पदयात्रियों की सुविधा हेतु आयोजकों द्वारा पेयजल, अल्पाहार, विश्राम, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। साथ ही यात्रा को सुव्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए स्वयंसेवकों की टीमें तैनात की गई हैं।

यात्रा मार्ग में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा श्रद्धालुओं के स्वागत की व्यापक तैयारियां की गई हैं। पुष्पवर्षा एवं स्वागत मंचों के माध्यम से यात्रियों का अभिनंदन किया जाएगा।

प्रथम दिवस की संध्या निंबाहेड़ा में भक्ति रस से सराबोर रहेगी, जहां सुप्रसिद्ध भजन गायक छोटू सिंह रावणा द्वारा भजन संध्या प्रस्तुत की जाएगी। आयोजकों ने बताया कि संपूर्ण पदयात्रा श्रद्धा, सेवा एवं अनुशासन के साथ संपन्न कराई जाएगी।
