नीमच। द इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की नीमच शाखा द्वारा “केंद्रीय बजट 2026 एवं आयकर अधिनियम 2025 का विश्लेषण” विषय पर एक प्रभावशाली एवं ज्ञानवर्धक सेमिनार का आयोजन आईसीएआई भवन, नीमच में किया गया। सेमिनार में कर प्रणाली से जुड़े नवीन प्रावधानों, संशोधनों एवं उनके व्यावहारिक प्रभावों पर विस्तृत चर्चा की गई, जिससे उपस्थित चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष सीए विनोद कुमार जैन ने की। स्वागत उद्बोधन में उन्होंने कहा कि बदलते वित्तीय एवं कर परिदृश्य में बजट एवं आयकर कानूनों की अद्यतन जानकारी पेशेवरों के लिए अत्यंत आवश्यक है तथा ऐसे शैक्षणिक आयोजन ज्ञानवृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्य वक्ता के रूप में इंदौर के प्रख्यात कर विशेषज्ञ सीए राजेश मेहता ने केंद्रीय बजट 2026 एवं नए आयकर अधिनियम 2025 के प्रमुख प्रावधानों, संरचनात्मक बदलावों तथा अनुपालन से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं को सरल एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से प्रस्तुत किया। उन्होंने प्रतिभागियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के सटीक उत्तर देकर जटिल विषयों को सहज बनाया।
इस अवसर पर मंच पर सीआईआरसी चेयरमैन सीए अंकुर कुमार गुप्ता, सीए निर्भीक गांधी, सीए अंकुश जैन एवं नीमच के आयकर अधिकारी अशोक कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। सेमिनार में नीमच के चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, टैक्स बार एसोसिएशन के सदस्य तथा बड़ी संख्या में सीए विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता की। शाखा पदाधिकारियों में सीए एन. पाटीदार, सीए राजकुमार गोयल, सीए दीप्ति जिंदानी एवं सीए मनोज कुमार पाटीदार भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन सीए अरविंद माहेश्वरी ने किया। समापन अवसर पर अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। अंत में शाखा सचिव सीए भावेश सिंघल ने आभार व्यक्त किया।