नीमच। केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता में क्षेत्रीय लोकसभा सांसद सुधीर गुप्ता ने बजट को देश के समग्र विकास का रोडमैप बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल एक वार्षिक वित्तीय दस्तावेज नहीं, बल्कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का विजन डॉक्यूमेंट है। सांसद गुप्ता ने इसे गरीब, किसान, युवा, महिला, मध्यम वर्ग और उद्यमियों- सभी वर्गों को सशक्त करने वाला सर्वसमावेशी बजट बताया।
सांसद गुप्ता ने कहा कि बजट में युवाओं के लिए स्किल डेवलपमेंट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और ग्रीन टेक्नोलॉजी जैसे भविष्य उन्मुख क्षेत्रों पर विशेष जोर दिया गया है, जिससे रोजगार और उद्यम के नए अवसर सृजित होंगे। शिक्षा को रोजगार से जोड़ने और सेवा क्षेत्र की वैश्विक हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए उच्च स्तरीय समिति गठन का प्रावधान भी महत्वपूर्ण कदम है।
महिला सशक्तिकरण को बजट का प्रमुख आधार बताते हुए उन्होंने कहा कि महिला छात्रावास, महिला उद्यमिता को प्रोत्साहन, केयरगिवर्स एवं स्वास्थ्य पेशेवरों के प्रशिक्षण तथा लखपति दीदी योजना के विस्तार जैसे प्रावधान महिलाओं को आर्थिक नेतृत्व की भूमिका में आगे बढ़ाएंगे।
पत्रकारों के सवालों के जवाब में सांसद गुप्ता ने कहा कि मध्यम वर्ग को राहत देने के लिए जीवन रक्षक दवाओं पर सीमा शुल्क में कमी, स्वास्थ्य ढांचे के लिए बड़े फंड, टीडीएस प्रक्रिया का सरलीकरण और विदेश यात्रा पैकेज पर टीसीएस में कमी जैसे प्रावधान किए गए हैं। कृषि क्षेत्र में प्राकृतिक फाइबर मिशन, पशुपालन, मत्स्य पालन, उच्च मूल्य फसलों और तकनीक आधारित खेती को बढ़ावा दिया गया है।
उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर, केमिकल पार्क, बायोफार्मा, रक्षा विनिर्माण और नए इकोनॉमिक जोन से जुड़े प्रावधान भारत को औद्योगिक और तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निर्णायक साबित होंगे। बजट को लेकर कांग्रेस के विरोध पर सांसद गुप्ता ने कहा कि विपक्ष बिना तथ्यों के आरोप लगाता रहता है।
पत्रकार वार्ता में नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, मनासा विधायक माधव मारू, भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल सहित निलेश पाटीदार, आशीष, मनोज महेश्वरी और विकास नामदेव उपस्थित रहे।