नीमच। पुलिस थाना नीमच केंट ने 10 फरवरी 2026 को शिक्षक कॉलोनी में दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात का चंद घंटों में पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, उपकरण एवं चोरी गया मश्रुका जब्त किया गया है।
जिला पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों में बरामदगी एवं धरपकड़ हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसौदिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश अवस्थी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
घटना का विवरण
फरियादी सुरेन्द्र पटवा ने थाना नीमच केंट में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 10 फरवरी को दोपहर करीब 12 बजे वे अपने घर के आगे बने कार्यालय में कार्य कर रहे थे। मकान के मुख्य गेट पर ताला लगा था। इसी दौरान पीछे के कमरे से खटपट की आवाज सुनाई दी। शंका होने पर वे बाहर पड़ोसी को बुलाने निकले, तभी दो व्यक्ति पीछे के कमरे से निकलकर भागते दिखाई दिए। अंदर जाकर देखने पर सामान बिखरा मिला, अलमारी खुली थी और पीछे का दरवाजा टूटा हुआ था।
प्रकरण में अपराध क्रमांक 66/26 धारा 305-ए, 331(3) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
ऐसे हुआ खुलासा
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी द्वारा टीम गठित कर तत्काल जांच शुरू की गई। घटना स्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें दो युवक घर से भागते दिखाई दिए। शहर में उनके भागने के मार्ग के फुटेज भी खंगाले गए तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
सीसीटीवी फुटेज एवं मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान मुकेश काछी एवं सोहिल (निवासी पशु हॉट मैदान, नीमच) के रूप में हुई। दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ करने पर उन्होंने घटना में संलिप्तता स्वीकार की तथा बताया कि संजय बागरी मोटरसाइकिल लेकर कुछ दूरी पर इंतजार कर रहा था। इसके बाद संजय बागरी को भी गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ की जाएगी।
जब्त मश्रुका
घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल
चोरी के उपकरण
चोरी गया मश्रुका
गिरफ्तार आरोपी
सोहिल पिता रणछोड़, उम्र 19 वर्ष
मुकेश पिता प्रभात काछी, उम्र 19 वर्ष
संजय पिता दलसुख बागरी, उम्र 19 वर्ष
उल्लेखनीय
विगत 15 दिनों में पुलिस थाना नीमच केंट टीम द्वारा चैन स्नेचिंग एवं दुकान से 50 हजार रुपये से भरे बैग चोरी की वारदातों का भी सफल खुलासा किया गया है। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश अवस्थी सहित पुलिस थाना नीमच केंट टीम की सराहनीय भूमिका रही।