कंजार्डा। ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति चारभुजा कंजार्डा द्वारा पर्यावरण एवं जल प्रदूषण के संरक्षण को लेकर एक सराहनीय पहल की गई। इस अभियान के तहत समिति सदस्यों ने ग्राम पंचायत क्षेत्र में संचालित सभी बीज भंडार एवं कृषि दवाई दुकानों पर पहुंचकर दुकानदारों को एक-एक माचिस की डिब्बी भेंट की।
समिति सदस्यों ने दुकानदारों से आग्रह किया कि वे किसानों को दवाइयों के उपयोग के बाद उनके पाउच एवं डिब्बों को इधर-उधर फेंकने के बजाय जलाने के लिए प्रेरित करें। इससे न तो दवाइयों के अवशेष जानवरों के खाने में जाएंगे और न ही जल स्रोतों में जाकर पानी को प्रदूषित करेंगे।
समिति ने सभी से अपील की कि कृषि दवाइयों के पाउच एवं अन्य सामग्री को खुले में फेंकने के बजाय नष्ट किया जाए, ताकि पर्यावरण एवं जनस्वास्थ्य को होने वाले नुकसान से बचा जा सके। इस पहल से ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। उक्त जानकारी समिति सदस्य राजू पटेल द्वारा दी गई।