सरवानिया महाराज। जावद थाना क्षेत्र के सरवानिया महाराज नगर में गुरुवार रात एक अनियंत्रित ट्रक ने बिजली के पांच पोल तोड़ दिए। हादसा नीमच-सिंगोली मार्ग पर पुलिस चौकी एवं सब्जी मंडी के सामने हुआ। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक नीमच की ओर से सिंगोली की दिशा में जा रहा था। बिजली पोल गिराने के बाद चालक ट्रक सहित मोरवन की ओर तेज गति से फरार हो गया। हादसे के कारण सड़क पर बिजली के पोल व तार गिर गए, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। सूचना मिलते ही विद्युत कंपनी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और गिरे हुए पोल व तार हटाकर मार्ग को सुचारु कराया।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है।