नीमच। फव्वारा चौक पर शुक्रवार शाम एक युवक द्वारा दूसरे युवक की बेल्ट से पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। गुस्से में आकर एक युवक ने अपनी बेल्ट निकालकर दूसरे युवक पर हमला कर दिया। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा।
राहगीरों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी युवक लगातार मारपीट करता रहा। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया।
पुलिस ने आरोपी शुभम पिता नरेंद्र मोची निवासी विनोबागंज को हिरासत में ले लिया है। थाना प्रभारी निलेश अवस्थी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ शांति भंग करने एवं मारपीट की धाराओं में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद शहरवासियों में आक्रोश है। नागरिकों ने शहर के व्यस्त चौराहे पर हुई इस घटना को सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला बताया और पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।